शुक्रवार, सितंबर 18 2026 | 06:29:28 PM

विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान के दौरान नादिया जिले सहित कई जगह हिंसा

Saransh Kanaujia
Saransh Kanaujia - Editor
3 Min Read

कोलकाता. पश्चिम बंगाल में 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच अलग-अलग इलाकों से हिंसा की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सबसे ज्यादा शिकायतें नादिया जिले के राणाघाट-दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से आ रही हैं। राणाघाट-दक्षिण के पायराडांगा इलाके में हिंसा की घटनाओं की वजह से तनाव बढ़ गया है। यहां सुबह-सुबह एक पोलिंग एजेंट समेत कई बीजेपी कार्यकर्ताओं के घरों पर नकाबपोशों द्वारा हमला करने और तोड़फोड़ करने की शिकायतें मिली हैं। बीजेपी की मतदान एजेंट श्राबंती डे ने बताया कि उनके घर पर तोड़फोड़ की गई।

‘कई बीजेपी समर्थकों को धमकाया गया’

डे ने बताया कि करीब 35 बदमाश सुबह-सुबह उनके घर पहुंचे और उन्हें धमकाते हुए वोटिंग के दौरान घर पर रहने को कहा। उन्होंने आगे कहा कि मैंने इस मामले में भारतीय निर्वाचन आयोग को जानकारी दे दी है। डे ने कहा कि सिर्फ उनके ही घर में नहीं बल्कि इलाके के कई बीजेपी समर्थकों को उपद्रवियों ने इसी तरह की धमकियां दी हैं। उन्होंने कहा कि सभी उपद्रवियों को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का समर्थन प्राप्त है। नादिया जिला पुलिस ने दावा किया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि इस सिलसिले में 26 लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

TMC नेता ने हिंसा की बात से किया इनकार

वहीं राणाघाट-दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार डॉ. मुकुट मणि अधिकारी ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा, ‘मैं सुबह से एक जगह से दूसरी जगह जा रहा हूं। मुझे ऐसी किसी शिकायत की जानकारी नहीं है। मतदान हर जगह शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। बल्कि, मैंने जो सुना है वह यह है कि बीजेपी के समर्थन में कुछ बदमाश कुछ इलाकों में वोटरों को डराने का प्रयास कर रहे हैं।’ CEO कार्यालय के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि ECI ने इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इस बीच, 4 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान जारी है।

साभार : इंडिया टीवी

- Advertisement -

भारत : 1857 से 1957 (इतिहास पर एक दृष्टि) पुस्तक अपने घर/कार्यालय पर मंगाने के लिए आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सकते हैं

https://www.amazon.in/dp/9392581181/

https://www.flipkart.com/bharat-1857-se-1957-itihas-par-ek-drishti/p/itmcae8defbfefaf?pid=9789392581182

Related Post

Share This Article
Follow:
लेखक वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अब तक वे इतिहास से जुड़ी चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं—‘भारत : 1857 से 1957 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘भारत : 1885 से 1950 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘गाँधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ और ‘1857 का स्वतंत्रता समर – कारण से परिणाम तक’। पत्रकारिता के क्षेत्र में वे विशेष रूप से राजनीति, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विषयों और आध्यात्म से जुड़े समाचारों एवं विषयों पर लेखन करते रहे हैं। वर्षों के पत्रकारिता अनुभव और विभिन्न विषयों पर निरंतर लेखन के माध्यम से उन्होंने समसामयिक घटनाओं के साथ-साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों को भी पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास किया है।