लोड हो रहा है...

भारत की आपत्ति के बाद पीओके में नहीं होगा चैंपियन ट्रॉफी का टूर

Saransh Kanaujia
Saransh Kanaujia - Editor
4 Min Read

इस्लामाबाद. अगले साल होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस टूर्नामेंट का आयोजन पाकिस्तान में होना है, लेकिन बीसीसीआई ने अपनी टीम को पड़ोसी मुल्क भेजने से इनकार कर दिया है। इससे भड़के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक कायराना चाल चली थी और ट्रॉफी की यात्रा के लिए PoK (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) के तीन इलाकों को चुना था। अब आईसीसी ने ट्रॉफी की यात्रा पीओके में कराने पर रोक लगा दी है। यह यात्रा 16 नवंबर से शुरू होनी थी, आईसीसी ने PoK में ट्रॉफी की यात्रा पर रोक लगा दी है। स्पोर्ट्स तक की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने कहा है कि पीओके पाकिस्तान का अभिन्न अंग नहीं है। पीओके की जानकारी सामने आने के बाद बीसीसीआई ने इसको लेकर आईसीसी के सामने आपत्ति जताई थी। इसके बाद ही आईसीसी ने एक्शन लिया है।

पीसीबी ने क्या लिखा था?

पीसीबी ने अपने एक बयान में बताया था कि ट्रॉफी की यात्रा स्कार्दू, मर्री, हुंजा और मुजफ्फराबाद होकर निकाली जाएगी। मर्री के अलावा जो अन्य तीन स्थान हैं, वह पीओके क्षेत्रों का हिस्सा हैं। इतना ही नहीं पाकिस्तान ने जानबूझकर अपनी ट्वीट में इन जगहों जिक्र किया है। पीसीबी ने लिखा, ‘तैयार हो जाओ पाकिस्तान। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का ट्रॉफी टूर 16 नवंबर को इस्लामाबाद में शुरू होगा और स्कर्दू, मर्री, हुंजा और मुजफ्फराबाद का भी दौरा भी करेगा।’

पाकिस्तान जानबूझकर भड़का रहा

चैंपियंस ट्रॉफी के मैचों के लिए जिन जगहों को चुना गया, उनमें ये जगह शामिल नहीं हैं। मैच कराची, लाहौर और रावलपिंडी में होने हैं, लेकिन पाकिस्तान की ट्वीट में उन जगहों को तवज्जो नहीं दिया गया। इससे साफ है कि वह भारत को भड़काने की कोशिश की जा रही है। स्कार्दू, हुंजा और मुजफ्फराबाद, तीनों पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में स्थित हैं। पीसीबी द्वारा ऐसा किए जाने को भारत के सीमा पार यात्रा नहीं करने के फैसले के प्रति उकसावे के रूप में देखा जा रहा है। स्कार्दू बाल्टिस्तान और हुंजा गिलगित में स्थित है।

पाकिस्तान नहीं जाएगी भारतीय टीम

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए पाकिस्तान की यात्रा नहीं करने के भारत द्वारा लिए गए निर्णय ने दोनों देशों के बीच तनाव को फिर से बढ़ा दिया है। टूर्नामेंट में भारत की भागीदारी को लेकर काफी चर्चा हो रही थी, लेकिन आईसीसी ने पीसीबी को भारत के फैसले से अवगत करा दिया है। इससे पहले भारत ने अपने मैचों के लिए एक ‘हाइब्रिड’ मॉडल का सुझाव दिया था। एशिया कप 2023 की तरह भारत अपने मैच पाकिस्तान से बाहर खेलता, जबकि बाकी मैच पाकिस्तान में होते, लेकिन इसे पाकिस्तान ने अस्वीकार कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान विकल्पों की खोज कर रहा है जिसमें भारत के बिना टूर्नामेंट की मेजबानी करना या मेजबानी छीने जाने पर इसका बहिष्कार करना शामिल है। वहीं, आईसीसी इस टूर्नामेंट को किसी तटस्थ स्थान पर शिफ्ट करने पर भी विचार कर रहा है। इतना ही नहीं 11 नवंबर को 100 दिन के काउंटडाउन के कार्यक्रम को भी आईसीसी ने रद्द कर दिया था।

- Advertisement -

साभार : अमर उजाला

भारत : 1885 से 1950 (इतिहास पर एक दृष्टि) व/या भारत : 1857 से 1957 (इतिहास पर एक दृष्टि) पुस्तक अपने घर/कार्यालय पर मंगाने के लिए आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सकते हैं

सारांश कनौजिया की पुस्तकें

Related Post

Share This Article
Follow:
लेखक वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अब तक वे इतिहास से जुड़ी चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं—‘भारत : 1857 से 1957 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘भारत : 1885 से 1950 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘गाँधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ और ‘1857 का स्वतंत्रता समर – कारण से परिणाम तक’। पत्रकारिता के क्षेत्र में वे विशेष रूप से राजनीति, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विषयों और आध्यात्म से जुड़े समाचारों एवं विषयों पर लेखन करते रहे हैं। वर्षों के पत्रकारिता अनुभव और विभिन्न विषयों पर निरंतर लेखन के माध्यम से उन्होंने समसामयिक घटनाओं के साथ-साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों को भी पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास किया है।