लोड हो रहा है...

अरविंद केजरीवाल ने एम्स के डॉक्टरों से नहीं की इंसुलिन पर कोई बात

Saransh Kanaujia
Saransh Kanaujia - Editor
4 Min Read

नई दिल्ली. जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर आम आदमी पार्टी और केंद्र सरकार के बीच गहमागहमी तेज हो गई है. केजरीवाल को इंसुलिन न दिए जाने को लेकर पार्टी के नेता लगातार केंद्र सरकार और तिहाड़ जेल प्रशासन पर हमला बोल रहे हैं. इस बीच तिहाड़ जेल प्रशासन का बड़ा बयान सामने आया है. प्रशासन का कहना है कि बीते दिन शनिवार को केजरीवाल की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एम्स के वरिष्ठ विशेषज्ञों से बात कराई थी. इस दौरान न तो केजरीवाल ने इंसुलिन का मुद्दा उठाया और न ही डॉक्टरों ने इंसुलिन का सुझाव दिया.

जेल प्रशासन के मुताबिक एम्स के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने केजरीवाल को आश्वस्त किया कि कोई गंभीर समस्या नहीं है. विशेषज्ञों ने उन्हें निर्धारित दवाएं जारी रखने की सलाह दी जिनका नियमित तौर पर मूल्यांकन और समीक्षा की जाएगी. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान एम्स के वरिष्ठ विशेषज्ञ के अलावा, आरएमओ तिहाड़ और एमओ तिहाड़ मौजूद थे. एम्स के वरिष्ठ विशेषज्ञ ने सीजीएम (ग्लूकोज मॉनिटरिंग सेंसर) का पूरा रिकॉर्ड और केजरीवाल द्वारा ली जा रही डाइट और दवाओं का विवरण मांगा.

इंसुलिन लेकर तिहाड़ पहुंचे आप नेता और समर्थक

वहीं केजरीवाल को जेल में इंसुलिन न दिए जाने को लेकर दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता आतिशी तिहाड़ जेल के बाहर इंसुलिन लेकर पहुंची हैं. आतिशी का कहना है कि वो तिहाड़ जेल प्रशासन को इंसुलिन की डोज सौंपना चाहती हैं. इस मौके पर आम नेताओं के साथ ही पार्टी के समर्थक भी तिहाड़ जेल के बाहर इकट्ठा हो गए. सभी लोग केजरीवाल को इंसुलिन देने की मांग करने लगे. TV9 भारतवर्ष से खास बातचीत करते हुए मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल 22 साल से शुगर के मरीज हैं और वो पिछले 12 साल से इंसुलिन ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि कोई डॉक्टर ही नहीं कहेगा कि 300 के शुगर लेवल वाला मरीज इंसुलिन नहीं लेगा.

‘बीजेपी को सीएम केजरीवाल से नफरत है’

बीजेपी पर निशाना साधते हुए मंत्री आतिशी ने कहा कि बीजेपी को सीएम अरविंद केजरीवाल से नफरत है लेकिन क्या वो उनकी अब जान लेंगे. उन्होंने कहा कि इतने शुगर लेवल पर मल्टीप्ल ऑर्गन फेलियर होता है. मंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने केजरीवाल के लिए इंसुलिन भेजी है इसलिए सभी लोग तिहाड़ में उन्हें इंसुलिन देने आए हैं.

- Advertisement -

AAP ने की केजरीवाल को इंसुलिन देने की मांग

तिहाड़ जेल प्रशासन पर हमला बोलते हुए आतिशी ने कहा कि अगर तिहाड़ जेल प्रशासन के पास सीएम केजरीवाल को देने के लिए इंसुलिन नहीं है तो ये इंसुलिन उनको दे दी जाए. लेकिन उनकी जान के साथ खिलवाड़ ना किया जाए. उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मांग है कि अरविंद केजरीवाल को तुरंत इंसुलिन दी जाए और विशेषज्ञ उपलब्ध कराए जाएं. मंत्री ने ये भी कहा कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो प्रदर्शन जारी रहेगी.

साभार : टीवी9 भारतवर्ष

फेसबुक पेज : https://www.facebook.com/profile.php?id=61558434413602

Related Post

Share This Article
Follow:
लेखक वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अब तक वे इतिहास से जुड़ी चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं—‘भारत : 1857 से 1957 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘भारत : 1885 से 1950 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘गाँधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ और ‘1857 का स्वतंत्रता समर – कारण से परिणाम तक’। पत्रकारिता के क्षेत्र में वे विशेष रूप से राजनीति, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विषयों और आध्यात्म से जुड़े समाचारों एवं विषयों पर लेखन करते रहे हैं। वर्षों के पत्रकारिता अनुभव और विभिन्न विषयों पर निरंतर लेखन के माध्यम से उन्होंने समसामयिक घटनाओं के साथ-साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों को भी पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास किया है।