लोड हो रहा है...

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनसीसी पूर्व छात्र संघ की शासी परिषद बैठक की अध्यक्षता की

Saransh Kanaujia
Saransh Kanaujia - Editor
3 Min Read

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 11 जुलाई, 2025 को नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक में नेशनल कैडेट कोर पूर्व छात्र संघ (एनसीसीएए) की पहली शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। एनसीसीएए, एनसीसी पूर्व छात्रों का एक प्रमुख संघ है जिसका उद्देश्य दुनिया के सबसे बड़े वर्दीधारी युवा संगठन के कार्य को आगे बढ़ाना है। ये पूर्व और वर्तमान कैडेटों को एकसाथ लाकर राष्ट्र निर्माण प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को बढ़ाना चाहता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी इस संघ के पहले सदस्य हैं, जबकि रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह दूसरे पंजीकृत पूर्व छात्र हैं।

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने एनसीसी को एक ऐसा मंच बताया जो देश के युवाओं के लिए एक आदर्श प्रस्‍तुत करता है। उन्होंने पूर्व एनसीसी कैडेटों को देश के मज़बूत स्तंभों के रूप में वर्णित किया, जो निष्क्रिय रूप से नहीं, बल्कि सक्रिय रूप से विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र के विकास में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ” हमें राष्ट्रीय विकास के लक्ष्य को तेज करने के लिए अपने पूर्व कैडेटों के मार्गदर्शन को शामिल करने की आवश्‍यकता है।” इसके साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनसीसीएए, एनसीसी को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।

श्री राजनाथ सिंह ने एनसीसी से ‘एनसीसी प्लस’ की भावना के साथ अपने कैडेटों के मूल्यों और गुणों को लोगों के एक बड़े वर्ग तक फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “एनसीसी इन मूल्यों को एनसीसी से जुड़े युवाओं में विकसित करता है। हमारा प्रयास यह सुनिश्चित करना होना चाहिए कि ये मूल्य उन लोगों तक भी पहुंचें जो एनसीसी में शामिल नहीं हो सके।”

रक्षा मंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि एनसीसीएए ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, ‘स्वच्छता अभियान’ और विभिन्न सामुदायिक विकास एवं सामाजिक सेवा योजनाओं जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में सक्रिय रूप से जुड़ सकता है, जो जनसंख्या के एक बड़े हिस्से को प्रभावित करेगा।

- Advertisement -

युवाओं के सर्वांगीण विकास में एनसीसी के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए श्री राजनाथ सिंह ने कहा, “अपने आदर्श वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ की सच्ची भावना में, एनसीसी हमेशा राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इसने दूर-दराज के क्षेत्रों के छात्रों सहित लाखों युवाओं को अनुशासित और प्रेरित करने में मदद की है।”

इस बैठक में सांसद श्री मनोज तिवारी, रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह, सचिव (शिक्षा विभाग) श्री संजय कुमार, सचिव (युवा कार्यक्रम विभाग) डॉ. पल्लवी जैन गोविल, रक्षा मंत्रालय की अपर सचिव श्रीमती दीप्ति मोहिल चावला, डीजीएनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह, संयुक्त सचिव (प्रशिक्षण) डॉ. पवन कुमार शर्मा, एलडी रेमेडियल वर्ल्ड की सीईओ श्रीमती बाला सरस्वती नायर और एनसीसीएए के सचिव कर्नल गगन शर्मा उपस्थित थे।

Related Post

Share This Article
Follow:
लेखक वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अब तक वे इतिहास से जुड़ी चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं—‘भारत : 1857 से 1957 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘भारत : 1885 से 1950 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘गाँधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ और ‘1857 का स्वतंत्रता समर – कारण से परिणाम तक’। पत्रकारिता के क्षेत्र में वे विशेष रूप से राजनीति, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विषयों और आध्यात्म से जुड़े समाचारों एवं विषयों पर लेखन करते रहे हैं। वर्षों के पत्रकारिता अनुभव और विभिन्न विषयों पर निरंतर लेखन के माध्यम से उन्होंने समसामयिक घटनाओं के साथ-साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों को भी पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास किया है।