कानपुर। उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ की आभासीय कार्यसमिति बैठक जोनल अध्यक्ष हेमंत कुमार विश्वकर्मा जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला, उ०प्र० के प्रदेश महामंत्री अनिल कुमार उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश यादव, भारतीय रेलवे मजदूर संघ के अ.भा. महामंत्री संतोष पटेल, अ.भा. संगठन मंत्री राधा बल्लभ त्रिपाठी, अ.भा. उपाध्यक्ष आई.पी.एस. चौहान आदि शीर्ष पदाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक का संचालन महामंत्री कुन्दन कुमार सिंह द्वारा किया गया।
बैठक में रेल कर्मचारियों की समस्यायें उठाई गईं, जिसमें प्रमुखता से पीएलबी बोनस की सीलिंग बढ़ाने की मांग प्रमुख रूप से चर्चा का विषय रही। सदस्यों ने बताया कि आज सातवां वेतन आयोग लागू है और आठवें वेतन आयोग की मांग चल रही है, फिर भी छठे वेतन आयोग की न्यूनतम बेसिक सीलिंग के आधार पर रेल कर्मचारियों को पीएलबी बोनस का भुगतान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त रेल कर्मचारियों को 78 दिन के बोनस के नाम पर मात्र 17951 रुपये का भुगतान किया जा रहा है। जो कर्मचारियों के साथ छलावा है और मान्यताप्राप्त संगठन इसमें अपनी मौन सहमति दे रहे हैं, वहीं भारतीय रेलवे मजदूर संघ एवं सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ द्वारा वित्त मंत्री भारत सरकार को कई पत्र लिखकर एवं वार्ता करके सीलिंग को रुपये 21000/- करने की मांग की है। दूसरी ओर त्योहारों पर बढ़ रही महंगाई रेल कर्मचारियों को आर्थिक रूप से परेशान कर रही है। यदि भारत सरकार सीलिंग को नहीं बढ़ाती है तो उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ, भारतीय रेलवे मजदूर संघ एवं भारतीय मजदूर संघ अपना विरोध व्यक्त करेगा, जिसका असर आगामी आने वाले चुनावों पर भी पड़ेगा। इसके अतिरिक्त बैठक में शीघ्र आठवें वेतन आयोग को लागू करने, कर्मचारियों को मिल रहे ऑनलाइन ड्यूटी पास पर आरक्षण न मिलने, कर्मचारियों का अभाव के कारण हो रहे उनके शोषण आदि समस्याओं को उठाया गया।
बैठक में प्रमुखता से कार्यकारी अध्यक्ष निर्भय सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा, रुकमानन्द पाण्डेय, संयुक्त मंत्री बंशी बदन झा, बीना सिंह, कोषाध्यक्ष अजय सिंह, कार्यसमिति सदस्य संदीप कुमार, संजीव कुमार, मनीष कुमार जायसवाल, हरिशंकर पोरवाल, अनिल कुमार शर्मा, रामबली यादव, पदेन सदस्य झांसी मंडल मंत्री भानु प्रताप सिंह चंदेल, आगरा मंडल मंत्री उमाशंकर भारद्वाज, प्रयागराज मंडल मंत्री आशीष मिश्रा, मुख्यालय मंडल मंत्री प्रवीण नेवलकर, कारखाना मंडल मंत्री संतोष कुमार एवं विशेष आमंत्रित सदस्य झांसी मंडल अध्यक्ष सतीश कुमार गुप्ता, प्रयागराज मंडल अध्यक्ष सन्नी कुमार, आगरा मंडल अध्यक्ष हरिबल्लभ दीक्षित आदि उपस्थित रहे।
नवीनतम अपडेट के लिए आप नीचे दिए गए लिंक पर जा सकते हैं:

