मंगलवार, सितंबर 08 2026 | 06:17:25 PM

एनडीए प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे भोजपुरी गायक पवन सिंह

Saransh Kanaujia
3 Min Read

पटना. भोजपुरी गायक पवन सिंह ने ऐलान किया है कि वह बिहार के काराकाट से चुनाव लड़ेंगे. पवन सिंह ने ट्वीट किया है कि माता गुरुतरा भूमेरू अर्थात माता इस भूमि से कहीं अधिक भारी होती हैं और मैंने अपनी मां से वादा किया था कि मैं इस बार चुनाव लड़ूंगा. मैंने निश्चय किया है कि मैं 2024 का लोकसभा चुनाव काराकाट, बिहार से लड़ूंगा. जय माता दी. बता दें कि बीजेपी ने पवन सिंह को आसनसोल से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था. इस सीट से राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने उपेंद्र कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है.

हालांकि बीजेपी का टिकट ठुकराने के बाद उन्होंने बाद में ट्वीट कर कहा था कि वह चुनाव लड़ेंगे, लेकिन यह साफ नहीं किया था कि वह किस सीट से चुनाव लड़ेंगे. अब पवन सिंह ने ऐलान कर दिया कि वह पश्चिम बंगाल के आसनसोल की सीट से नहीं, बल्कि बिहार के काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे. इस बीच, बीजेपी ने आसनसोल से पवन सिंह की जगह एसएस अहलूवालिया को उम्मीदवार घोषित कर दिया है.

बिहार के काराकाट से चुनाव लड़ेंगे पवन सिंह

बता दें कि काराकाट लोकसभा सीट पर फिलहाल जदयू के महाबली कुशवाहा सांसद हैं. उन्होंने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में आरएलएसपी के उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा को पराजित कर जीत हासिल की थी. 2014 के लोकसभा चुनाव में आरएलएसपी के उपेंद्र कुशवाहा ने यह सीट जीती थी. उन्हें 3,38,892 वोट मिले थे. उन्होंने आरजेडी के कांति सिंह को पराजित किया था. उन्हें 2,33,651 वोट मिले थे, जबकि जदयू के महाबली सिंह को मात्र 76709 वोट मिले थे.

उपेंद्र कुशवाहा से पवन सिंह का होगा मुकाबला

वहीं, लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाकपा माले में राजा राम सिंह कुशवाहा को, राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने उपेंद्र कुशवाहा को और एआईएमआईएम ने प्रियंका चौधरी को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है. एनडीए ने अभी तक इस सीट से अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है.

साभार : टीवी9 भारतवर्ष

फेसबुक पेज : https://www.facebook.com/profile.php?id=61558434413602

Related Post

Share This Article