बुधवार, मई 06 2026 | 08:45:12 AM
Breaking News
Home / राष्ट्रीय / राज्यसभा में भी वक्फ संशोधन बिल हुआ पारित, बना कानून

राज्यसभा में भी वक्फ संशोधन बिल हुआ पारित, बना कानून

Follow us on:

मोदी सरकार वक्फ संशोधन बिल की परीक्षा में पास हो गई. वक्फ संशोधन बिल 2025 पहले लोकसभा से पास हुआ. अब दिन-रात की चर्चा के बाद राज्यसभा से भी पारित हो गया है. वक्फ बिल के पक्ष में 128 वोट पड़े जबकि 95 सदस्यों ने इसके विरोध में वोट दिया. वक्फ बिल को कानून बनने में बस अब एक कदम की दूरी है. वक्फ बिल को संसद की मंजूरी मिल गई. अब राष्ट्रपति की मंजूरी मिलते ही यह कानून की शक्ल ले लेगा. वक्फ अमेंडमेंट बिल 2025 को राज्यसभा से पास कराना मोदी सरकार के लिए सबसे बड़ी अड़चन थी.  पर सरकार ने वहां से भी इसे बहुमत से अधिक संख्या बल से पास करा लिया.

1. राज्यसभा में 13 घंटे से ज्यादा समय तक चली बहस के बाद आज यानी शुक्रवार तड़के वक्फ संशोधन विधेयक, 2025 को मंजूरी मिल गई. इसके साथ ही संसद ने इस कानून पर अपनी मुहर लगा दी.

2. विपक्षी दलों के विरोध के बावजूद नंबर गेम में मोदी सरकार जीत गई. राज्यसभा में कार्यवाही के दौरान विपक्ष ने वक्फ बिल पर कड़ा विरोध जताया. विपक्षी दलों ने इस विधेयक को मुस्लिम विरोधी और असंवैधानिक बताया. वहीं सरकार ने जवाब दिया कि यह ऐतिहासिक सुधार अल्पसंख्यक समुदाय के लिए फायदेमंद होगा.

3. राज्यसभा में वक्फ बिल 128 मतों से पारित हुआ, जबकि 95 सदस्यों ने इसके खिलाफ मतदान किया. इससे पहले लोकसभा में गुरुवार तड़के 288 सांसदों ने इस विधेयक का समर्थन किया था, जबकि 232 ने इसका विरोध किया था. लोकसभा में 10 घंटे तक चर्चा हुई थी.

4. इसके साथ ही संसद ने मुसलमान वक्फ (रिपील) बिल, 2025 को भी मंजूरी दे दी है. राज्यसभा ने इसे भी मंजूरी दे दी है. लोकसभा पहले ही इस विधेयक को मंजूरी दे चुकी है. अब इस बिल पर राष्ट्रपति की मुहर का इंतजार है. इसके बाद यह कानून की शक्ल ले लेगा.

5. राज्यसभा में वक्फ बिल पर चर्चा में भाग लेते हुए केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर मुस्लिम समुदाय को विधेयक से डराने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ सभी के लिए काम करती है. रिजिजू ने कहा कि वक्फ बोर्ड एक वैधानिक निकाय है. ऐसे में सभी सरकारी निकायों की तरह यह धर्मनिरपेक्ष होना चाहिए. उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड में कुछ गैर-मुस्लिमों को शामिल करने से बोर्ड के फैसलों में कोई बदलाव नहीं आएगा. बल्कि इससे मूल्य में इजाफा ही होगा.

6. मंत्री किरेन रिजिजू ने यह भी दावा किया कि सरकार की ओर से लाए गए वक्फ विधेयक में संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के साथ-साथ हितधारकों की ओर से दिए गए कई सुझावों को शामिल किया गया है. उन्होंने कहा कि इस बिल के कानून बनने से देश के एक भी मुसलमान को नुकसान नहीं होगा.

7. विपक्षी इंडिया गठबंधन दलों ने विधेयक का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि यह असंवैधानिक है. इसका मकसद मुसलमानों को निशाना बनाना है. उन्होंने दावा किया कि इस कानून का उद्देश्य मुसलमानों की संपत्तियों को अपने कब्जे में लेकर निगमों को सौंपना है.

8. राज्यसभा में गुरुवार को करीब दोपहर 1 बजे वक्फ बिल पेश किया गया था. किरेन रिजिजू ने इसे सदन में पेश किया और चर्चा में भाग लिया. इसके बाद बारी-बारी से सभी राज्यसभा सांसदों ने अपनी-अपनी राय रखी. यह चर्चा शुक्रवार तड़के तक चली. मैराथन बहस और चर्चा के बाद इस बिल पर वोटिंग हुई. वोटिंग ने साफ कर दिया कि सदन का मूड बिल के पक्ष में था.

9. राज्यसभा में वक्फ बिल 2025 पर वोटिंग के दौरान रात में विपक्ष के कुछ सदस्य सभापति जगदीप धनखड़ को आसन पर देख हैरान हुए. इस पर सभापति धनखड़ ने कहा कि वे अपने आसन पर इसलिए हैं क्योंकि उन्हें वोट डालने का अधिकार है. जब ट्रेजरी बेंच की ओर से कहा गया कि आपको वोट करने की जरूरत नहीं तो सभापति ने कहा, ‘दूर-दूर तक जरूरत नहीं है.’

10. वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 राज्यसभा में 4 अप्रैल 2025 को रात 2 बजकर 32 मिनट पर पास हुआ.  इस बिल के पक्ष में 128 वोट पड़े, जबकि विरोध में 95 वोट पड़े. यहां ध्यान देने वाली बात है कि दिन में करीब 1 बजे ही इस बिल को राज्यसभा सदन के पटल पर रखा गया था. सेंट्रल वक्फ काउंसिल में 22 मेंबर होंगे जिसमें 4 से ज्यादा नॉन मुस्लिम नहीं होंगे.

साभार : न्यूज18

मित्रों,
मातृभूमि समाचार का उद्देश्य मीडिया जगत का ऐसा उपकरण बनाना है, जिसके माध्यम से हम व्यवसायिक मीडिया जगत और पत्रकारिता के सिद्धांतों में समन्वय स्थापित कर सकें। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए हमें आपका सहयोग चाहिए है। कृपया इस हेतु हमें दान देकर सहयोग प्रदान करने की कृपा करें। हमें दान करने के लिए निम्न लिंक पर क्लिक करें -- Click Here


* 1 माह के लिए Rs 1000.00 / 1 वर्ष के लिए Rs 10,000.00

Contact us

Check Also

उपचुनाव परिणाम 2026 की विजेता सूची और पार्टी वार प्रदर्शन।

उपचुनाव परिणाम 2026: बीजेपी का चार सीटों पर कब्जा, बारामती में सुनेत्रा पवार ने रचा इतिहास

नई दिल्ली । सोमवार, 4 मई 2026 आज देश के 5 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों …