नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके की जांच में नया खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह आईईडी बम धमाका था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि लाल किले के पास हुए विस्फोट में अमोनियम नाइट्रेट, ईंधन तेल और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया है। हालांकि इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि उमर मोहम्मद फरीदाबाद मॉड्यूल का एक और डॉक्टर था। पेशे से डॉक्टर उमर मोहम्मद कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा था।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी कार मालिक तारिक को गिरफ्तार किया गया है। तारिक ने ही उमर मोहम्मद को धमाके में इस्तेमाल हुंडई i20 कार दी थी। आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा रहे अपने साथी डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद उमर मोहम्मद ने कथित तौर पर इस डर से इस आतंकी हमले को अंजाम दिया कि वह भी पकड़ा जा सकता है।
जांच करते हुए दिल्ली पुलिस ने सुबह तड़के पहाड़गंज के एक होटल से चार लोगों को उठाया है। पुलिस ने चारों से पूछताछ में जुटी है। दिल्ली में हुए धमाके मामले में पुलिस डॉक्टर मोहम्मद उमर की तलाश कर रही है। साथ ही धमाके में शामिल रहे उसके साथ के लोगों की भी तलाश की जा रही है।
धमाके की गूंज से थर्राई दिल्ली
कुछ देर के लिए गुल हुई बिजली
कनॉट प्लेस समेत कई बाजार बंद
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके की आवाज इतनी तीव्र थी कि सिविल लाइंस और आईटीओ तक लोगों ने झटका महसूस किया। चांदनी चौक के कारोबारी रमेश गुप्ता ने बताया कि हम दुकान बंद करने ही वाले थे कि अचानक जोरदार धमाका हुआ। पहले लगा जैसे ट्रांसफार्मर फटा लेकिन कुछ सेकंड में लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
कई जगह टूटे शीशे, मेट्रो सेवाएं रोकी गईं
विस्फोट की तीव्रता से आसपास की कई दुकानों और घरों के शीशे चटक गए। लाल मंदिर और मेट्रो स्टेशन पर लगे कांच के दरवाजे टूट गए। सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति का आकलन करने के लिए लाल किला, दिल्ली गेट, आईटीओ और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर सेवाएं कुछ देर रोक दीं। शाम सात बजे से करीब बीस मिनट तक येलो और वायलेट लाइन पर ट्रेनें धीमी गति से चलीं।
लोगों में दहशत, मोबाइल नेटवर्क ठप
धमाके के बाद इलाके में मोबाइल नेटवर्क पर अचानक लोड बढ़ गया। लोग अपने घरवालों को फोन करने लगे, जिससे कुछ समय तक कॉल कनेक्ट नहीं हो पा रहे थे। पुलिस को एक घंटे में 200 से अधिक कॉल्स मिलीं, जिनमें ज्यादातर लोग अपने क्षेत्र में आवाज सुनाई देने और झटके महसूस होने की सूचना दे रहे थे।
रात तक गूंजती रही सनसनी
रात दस बजे तक कई इलाकों में लोगों के बीच चर्चा का विषय सिर्फ एक ही रहा कि इतनी तेज आवाज कहां से आई?” सोशल मीडिया पर भी दिल्लीवासियों ने अपनी लोकेशन से धमाके की गूंज की पुष्टि करते हुए वीडियो साझा किए। हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहें न फैलाने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
सुरक्षा पर उठे सवाल…दिन में होता धमाका तो और भयावह होता मंजर
लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास सोमवार शाम हुए धमाके ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल तो उठाए हैं, साथ ही सोचने पर विवश कर दिया है कि अगर घटना दिन के होती तो इसका असर कितना भयावह होता। दिन के वक्त यह इलाका दिल्ली के सबसे व्यस्ततम हिस्सों में गिना जाता है।
सुबह से लाल किला घूमने आने वाले सैलानियों, पुरानी दिल्ली की गलियों में खरीदारी करने वालों और चांदनी चौक-जामा मस्जिद इलाके के राहगीरों की भारी भीड़ लगी रहती है। मेट्रो स्टेशन के बाहर सैकड़ों ऑटो, ई-रिक्शा और टैक्सियां लगातार रुकती-चलती हैं। ऐसे में विस्फोट जैसी घटना का प्रभाव सिर्फ एक बिंदु तक सीमित नहीं रहता।
पल भर में दर्जनों लोगों को इसकी चपेट में आ सकते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शाम सात बजे जब धमाका हुआ, तब भी इलाके में कुछ चहल-पहल थी, लेकिन दिन के समय यहां पैर रखने की जगह नहीं होती। लाल किला और उसके आसपास का इलाका हाई सेंसिटिव जोन माना जाता है। ऐसे स्थानों पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु पर तत्काल प्रतिक्रिया जरूरी होती है।
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में धमाका
देश की राजधानी दिल्ली सोमवार शाम भीषण धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास भीड़ भरे इलाके में कार में हुए जोरदार धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। धमाके से कई गाड़ियों में आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आतंकी हमले की आशंका जताई जा रही है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि चपेट में आए लोगों के शरीर के हिस्से काफी दूर तक जाकर गिरे। आस-पास खड़ी गाड़ियों के शीशे भी टूट गए। धमाके की आवाज ढाई किलोमीटर दूर आईटीओ चौराहे तक सुनी गई। इस बीच, अमेरिका ने धमाके की जांच में मदद की पेशकश की है।
गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर आई-20 गाड़ी में धमाका हुआ। पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया, धमाका धीमी गति से चल रही कार में शाम करीब 6:52 बजे हुआ। शुरुआती जांच के अनुसार, कार में तीन लोग सवार भी थे।
पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। एनएसजी, एनआईए, एफएसएल, दिल्ली पुलिस, खुफिया ब्यूरो की टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। दमकल की दस गाड़ियों ने शाम 7:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया, आग में छह कारें, दो ई-रिक्शा व एक ऑटोरिक्शा जलकर राख हो गए। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
साभार : अमर उजाला
‘गांधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ पुस्तक के बारे में जानने के लिए लिंक पर क्लिक करें :
https://matribhumisamachar.com/2025/12/10/86283/
आप इस ई-बुक को पढ़ने के लिए निम्न लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं:
https://www.amazon.in/dp/B0FTMKHGV6
यह भी पढ़ें : 1857 का स्वातंत्र्य समर : कारण से परिणाम तक
Matribhumisamachar


