लोड हो रहा है...

भारत को दूसरे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली 51 रनों से शर्मनाक हार

Saransh Kanaujia
Saransh Kanaujia - Editor
4 Min Read

नई दिल्ली. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच टीम इंडिया ने 101 रनों से एकतरफा अपने नाम किया था तो वहीं दूसरे मैच में अफ्रीकी टीम की शानदार वापसी देखने को मिली। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 मैच को साउथ अफ्रीका की टीम ने 51 रनों से अपने नाम करने के साथ अब इस सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया है। इस मैच में अफ्रीकी टीम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला जिसमें उन्होंने 20 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर 213 रनों का स्कोर बना दिया, जिसके जवाब में टीम इंडिया की तरफ से काफी खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला और वह 19.1 ओवर्स में 162 रन बनाकर सिमट गई।

गिल से लेकर अभिषेक और कप्तान सूर्या सभी ने किया निराश

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया जब 214 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी तो काफी खराब शुरुआत देखने को मिली, जिसमें शुभमन गिल बिना खाता खोले पहले ही ओवर में लुंगी एनगिडी का शिकार बन गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा दूसरे ओवर में 17 रनों की पारी खेलने के बाद मार्को यान्सन का शिकार बने। यहां से सभी को कप्तान सूर्यकुमार यादव से एक बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी 4 गेंदों 5 रन बनाकर आउट हो गए। पहले 6 ओवर्स का खेल खत्म होने पर टीम इंडिया ने जहां अपने तीन विकेट गंवा दिए थे तो वहीं स्कोर सिर्फ 51 रन हुआ था। अक्षर पटेल के रूप में टीम इंडिया ने अपना चौथा विकेट 67 रनों के स्कोर पर गंवाया जो इस मैच में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। अक्षर ने 21 गेंदों का सामना करते हुए 21 रनों की पारी खेली।

तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने यहां से टीम इंडिया की पारी को संभालने का प्रयास किया ताकि मैच में वापसी की जा सके। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 41 गेंदों में 51 रनों की साझेदारी देखने को मिली। जब ऐसा लगा कि हार्दिक के बल्ले से फिर एक बड़ी पारी देखने को मिलेगी उसी समय वह 20 के निजी स्कोर पर लूथो सिंपला का शिकार बनकर पवेलियन लौट गए। वहीं तिलक वर्मा ने एक छोर से तेजी के साथ रन बनाने की जिम्मेदारी को तो संभाले रखा लेकिन वह टीम इंडिया को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके। तिलक के बल्ले से इस मैच में 62 रनों की पारी देखने को मिली। वहीं गेंदबाजी में अफ्रीका की तरफ से ओटनिल बार्टमेन ने चार विकेट हासिल किए।

अफ्रीका ने इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को छोड़ा पीछे

टीम इंडिया के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में मिली साउथ अफ्रीका को शानदार जीत के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम को एक खास मामले में अब पीछे छोड़ दिया है। साउथ अफ्रीका की टीम अब टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने वाली टीम बन गई है, जिसमें ये उनकी 13वीं जीत हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ इस फॉर्मेट में 12-12 मैचों में जीत हासिल की है।

- Advertisement -

साभार : इंडिया टीवी

‘गांधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ पुस्तक के बारे में जानने के लिए लिंक पर क्लिक करें :

https://matribhumisamachar.com/2025/12/10/86283/

आप इस ई-बुक को पढ़ने के लिए निम्न लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं:

https://www.amazon.in/dp/B0FTMKHGV6

- Advertisement -

यह भी पढ़ें : 1857 का स्वातंत्र्य समर : कारण से परिणाम तक

Related Post

Share This Article
Follow:
लेखक वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अब तक वे इतिहास से जुड़ी चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं—‘भारत : 1857 से 1957 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘भारत : 1885 से 1950 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘गाँधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ और ‘1857 का स्वतंत्रता समर – कारण से परिणाम तक’। पत्रकारिता के क्षेत्र में वे विशेष रूप से राजनीति, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विषयों और आध्यात्म से जुड़े समाचारों एवं विषयों पर लेखन करते रहे हैं। वर्षों के पत्रकारिता अनुभव और विभिन्न विषयों पर निरंतर लेखन के माध्यम से उन्होंने समसामयिक घटनाओं के साथ-साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों को भी पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास किया है।