गुरुवार, सितंबर 10 2026 | 12:04:49 AM

बिहार पुलिस ने हर्ष राज हत्याकांड के मुख्य आरोपी चंदन कुमार को किया गिरफ्तार

Saransh Kanaujia
Saransh Kanaujia - Editor
4 Min Read

पटना. बिहार पुलिस को पटना विश्वविद्यालय के छात्र हर्ष राज हत्याकांड में पहली सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी चंदन कुमार नामक एक छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छात्र चंदन पटना के अम्हारा का रहने वाला है। चंदन कुमार पटना कॉलेज के जैक्सन हॉस्टल का छात्र है। पुलिस की ओर से दावा किया गया है, मामले में जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पटना विश्वविद्यालय के बीएन कॉलेज के छात्र हर्ष राज हत्याकांड मामले में शामिल दो मुख्य अभियुक्तों में से एक आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को कई जानकारियां मिली है। हत्या के पीछे का विाद भी पता चला है। बताया जाता है कि कुछ समय पहले मिलर स्कूल ग्राउंड में डांडिया नाइट कार्यक्रम हुआ था। उस दौरान हर्ष राज का कुछ छात्रों से विवाद हुआ था। पुलिस की जांच में अब तक यह आया है कि उसी विवाद में यह हत्या की गई है।

प्रदर्शनकारी छात्रों पर कारगिल चौक पर लाठीचार्ज

हर्षराज हत्याकांड के मुख्य आरोपी चंदन कुमार की गिरफ्तारी के बावजूद आक्रोशित छात्रों ने पटना के गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक पर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करके सभी को खदेड़ दिया। वहीं हर्ष राज की हत्या को लेकर अशोक राजनाथ का इलाका मंगलवार को पुलिस छावनी में तब्दील रहा। अशोक राजपथ पर शांति-व्यवस्था कायम रखने के लिए चार थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त बल को तैनात किया गया था। वहीं घटना के विरोध में सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने पटना कॉलेज से कारगिल चौक तक मार्च निकाला।

रोहिणी आचार्य ने कानून व्यवस्था को लेकर साधा निशाना

राजद की प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य ने बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा है। पटना विश्वविद्यालय के छात्र की हत्या के संबंध में पूछे जाने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा- ‘बिहार में मंगलराज है ना। जब मंगलराज रहेगा तो यही होगा ना। जहां रेपिस्ट की पीठ थपथपाई जाएगी और बेगुनाहों को मारा जाएगा।’ रोहिणी आचार्य ने दावा किया कि इस चुनाव में इस सरकार का खात्मा होने वाला है। उन्होंने कहा कि राक्षस राज का खात्मा होने वाला है।

परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने के दौरान की गई थी हत्या

सोमवार को पटना में हर्ष राज नामक छात्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। हर्ष लॉ कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकल रहा था, तभी बदमाशों ने उसको लाठी डंडे से पीट पीटकर मार डाला। हालांकि लाठी-डंडे से पिटाई में घायल 22 वर्षीय हर्ष राज को तत्काल पीएमसीएच लाया गया, लेकिन डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमंे दिख रहा है किस तरह हर्ष राज की पिटाई की गई, जिसमें उसकी मौत हो गई।

साभार : नवभारत टाइम्स

फेसबुक पेज : https://www.facebook.com/profile.php?id=61558434413602

Related Post

Share This Article
Follow:
लेखक वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अब तक वे इतिहास से जुड़ी चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं—‘भारत : 1857 से 1957 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘भारत : 1885 से 1950 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘गाँधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ और ‘1857 का स्वतंत्रता समर – कारण से परिणाम तक’। पत्रकारिता के क्षेत्र में वे विशेष रूप से राजनीति, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विषयों और आध्यात्म से जुड़े समाचारों एवं विषयों पर लेखन करते रहे हैं। वर्षों के पत्रकारिता अनुभव और विभिन्न विषयों पर निरंतर लेखन के माध्यम से उन्होंने समसामयिक घटनाओं के साथ-साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों को भी पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास किया है।