गुरुवार, फ़रवरी 26 2026 | 04:53:55 AM
Breaking News
Home / राज्य / उत्तरप्रदेश / कांग्रेस आस्था का सम्मान नहीं कर सकती, तो उसे ढोने का मतलब नहीं : योगी आदित्यनाथ

कांग्रेस आस्था का सम्मान नहीं कर सकती, तो उसे ढोने का मतलब नहीं : योगी आदित्यनाथ

Follow us on:

भोपाल. उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पन्ना के पवई और अशोकनगर में सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश को सुरक्षा नहीं दे सकती, विकास और गरीब कल्याण के काम नहीं कर सकती, लोगों की आस्था का सम्मान नहीं कर सकती, तो उस कांग्रेस रूपी बोझ को ढोने का मतलब क्या है?

योगी ने कहा कि सरकार बदलने से क्या परिवर्तन हो सकते हैं, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने दिखाया है। काशी विश्वनाथ धाम में पहले एक साथ पांच लोगों का जाना मुश्किल था। आज 50 हजार लोग भी चले जाएं, तो जगह की कमी नहीं होगी। केदारनाथ धाम कांग्रेस के समय में तबाह हो चुका था, लेकिन मोदी सरकार ने उसका पुनरुद्धार कराया। उज्जैन में महाकाल महालोक बना है और अयोध्या में श्री राम का भव्य मंदिर तैयार है। कांग्रेस होती तो क्या राम मंदिर का निर्माण हो पाता? कांग्रेस होती तो क्या बाबा विश्वनाथ धाम का निर्माण हो पाता? कांग्रेस होती तो क्या देश से आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हो पाते? जो कांग्रेस देश को सुरक्षा नहीं दे सकती, विकास और गरीब कल्याण के काम नहीं कर सकती, लोगों की आस्था का सम्मान नहीं कर सकती, तो उस कांग्रेस रूपी बोझ को ढोने का मतलब क्या है?

कांग्रेस का एजेंडा नहीं था विकास
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लाभ कैसे मिलता है, यह बीते सालों में मध्यप्रदेश ने देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मिलकर मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य की स्थिति से उबारा और विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारें जो काम 55-60 सालों में नहीं कर सकी थीं, पीएम-सीएम की जोड़ी ने वह काम सिर्फ 9 सालों में कर दिखाया है। हर गरीब के पास सिर छुपाने के लिए छत होना, गरीब के घर में शौचालय का निर्माण होना, हर गरीब को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख तक इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना, हर घर में बिजली पहुंचाना, उज्जवला योजना में गैस कनेक्शन देना जैसे काम कांग्रेस भी कर सकती थी। उसे भी 60 सालों तक काम करने का मौका मिला था। लेकिन विकास उसके एजेंडे का हिस्सा नहीं रहा। गरीबों, वनवासियों, दलितों का कल्याण उसके एजेंडे का हिस्सा कभी नहीं रहा।

वोट बैंक की राजनीति करती रही कांग्रेस
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस देश को जातियों के नाम पर बांटती रही। हमारे सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करती रही। जब सरकार की तरफ से कुछ देने की बात आती थी, तो कांग्रेस कहती थी कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। कांग्रेस ने कभी यह नहीं कहा कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार गरीबों का है। कभी ये नहीं कहा कि संसाधनों पर पहला अधिकार देश के किसानों, नौजवानों, बहनों, माताओं का है। कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति करती रही। 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनी तो उन्होंने कहा कि मेरी सरकार गरीबों की, वंचितों की, दलितों की, आदिवासियों, किसानों, महिलाओं, नौजवानों की सरकार है और सभी वर्गों के लिए काम करेगी। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा दिया, जिसमें समग्रता का भाव है। समग्रता की यही भावना रामराज्य की आधारशिला है।

 कांग्रेस समस्याएं पैदा करती है
योगी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ समस्याएं पैदा करती है। ये समस्याएं उसकी वोट बैंक की राजनीति का आधार रही हैं, इसलिए वो इन समस्याओं को पोषित करती रही है, उनका समाधान नहीं किया। इन समस्याओं का समाधान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार कर रही है। कांग्रेस ने 370 लगाई, भाजपा ने कश्मीर से धारा 370 हटा दी। कांग्रेस के समय में देश में पनपे अलगाववाद, आतंकवाद और नक्सलवाद की समस्याओं पर भी भाजपा की सरकार नकेल लगा रही है। कांग्रेस के समय में लोग कोई पर्व, कोई त्योहार सुख शांति से नहीं मना पाते थे। हर त्योहार के पहले ही कर्फ्यू लग जाता था, लेकिन आज देश में शांति है और लोग आनंदपूर्वक अपने पर्व-त्योहार मना रहे हैं।

विकास के रास्ते पर तेजी से बढ़ रहा मध्यप्रदेश
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने जिस मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार उसे विकास के रास्ते पर लेकर आई है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदेश को मिल रहा है। आज मध्यप्रदेश देश में सबसे ज्यादा कृषि विकास दर वाला राज्य है। यहां का स्वादिष्ट शरबती गेहूं पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश में नए उद्योग लग रहे हैं, इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास हो रहा है, नए हाईवे बन रहे हैं, अच्छी सड़कें बन रही हैं। मेडिकल कॉलेज, एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसी संस्थाओं की श्रृंखला प्रदेश में खड़ी हो रही हैं, जिनसे प्रदेश के युवाओं को उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने जिस तरह से मध्यप्रदेश को वेलफेयर स्टेट बनाया है, यही रामराज्य की अवधारणा है। उन्होंने कहा कि मध्य्रपदेश विकास के इस रास्ते पर और तेजी से आगे बढ़ सके, इसके लिए भाजपा की सरकार होना जरूरी है।

साभार : अमर उजाला

भारत : 1857 से 1957 (इतिहास पर एक दृष्टि) पुस्तक अपने घर/कार्यालय पर मंगाने के लिए आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सकते हैं

https://www।amazon।in/dp/9392581181/

https://www।flipkart।com/bharat-1857-se-1957-itihas-par-ek-drishti/p/itmcae8defbfefaf?pid=9789392581182

मित्रों,
मातृभूमि समाचार का उद्देश्य मीडिया जगत का ऐसा उपकरण बनाना है, जिसके माध्यम से हम व्यवसायिक मीडिया जगत और पत्रकारिता के सिद्धांतों में समन्वय स्थापित कर सकें। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए हमें आपका सहयोग चाहिए है। कृपया इस हेतु हमें दान देकर सहयोग प्रदान करने की कृपा करें। हमें दान करने के लिए निम्न लिंक पर क्लिक करें -- Click Here


* 1 माह के लिए Rs 1000.00 / 1 वर्ष के लिए Rs 10,000.00

Contact us

Check Also

बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में मोटरसाइकिल रेसिंग की तैयारी

उत्तर प्रदेश का नया अवतार: अब ‘ग्लोबल मोटरस्पोर्ट्स डेस्टिनेशन’ के रूप में पुख्ता होगी पहचान

लखनऊ. उत्तर प्रदेश अब विश्व मानचित्र पर अपनी पहचान एक ‘ग्लोबल मोटरस्पोर्ट्स डेस्टिनेशन’ के रूप में …