चंडीगढ़. हरियाणा के रोहतक के कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। हिमानी की हत्या उसके दोस्त ने मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर की थी। झज्जर के खेरपुर गांव में रहने वाले 30 साल के सचिन उर्फ ढिल्लू की मोबाइल शॉप है। एक साल पहले उसकी फेसबुक पर कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल से दोस्ती हुई थी। सचिन 27 फरवरी की रात हिमानी के रोहतक के विजयनगर स्थित घर में ही रुका था। रात में दोनों में किसी बात पर झगड़ा हुआ। इसके बाद उसने हिमानी को मार डाला। सचिन ने पहले हिमानी के हाथ चुन्नी से बांधे, फिर मोबाइल चार्जर की केबल से उसका गला घोंट दिया और शव को सूटकेस में बंद कर दिया।
हाथापाई के दौरान आरोपी के हाथों पर भी चोटें आई थी, जिससे खून रजाई पर लग गया था। इस कारण सचिन ने रजाई का कवर उतारकर उसे भी सूटकेस में शव के साथ ही पैक कर दिया। सचिन हिमानी की अंगूठियां, सोने की चेन, मोबाइल, लैपटॉप व अन्य आभूषण एक बैग में डालकर हिमानी की ही स्कूटी लेकर अपनी दुकान पर चला गया था। इसके बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए रात 10 बजे वापस विजयनगर आया और स्कूटी को घर पर खड़ा करके ऑटो से सूटकेस में शव लेकर दिल्ली बाईपास रोहतक पहुंचा और वहां से बस में बैठकर सांपला चला गया।
सांपला बस स्टैंड के पास सूटकेस में रखे शव को झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गया। यह जानकारी ADGP रोहतक केके राव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। ADGP ने बताया कि हिमानी घर पर अकेली रहती थी। उसका परिवार दिल्ली में रहता है। सचिन पहले भी हिमानी के घर पर आता रहता था।
परिवार ने किया अंतिम संस्कार, भाई ने दी मुखाग्नि
पुलिस के खुलासे के बाद परिवार के लोग हिमानी के शव को पोस्टमॉर्टम हाउस से ले गए। जिसके बाद शाम 5 बजे वैश्य कॉलेज रोड स्थित श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। हिमानी की चिता को उनके भाई जतिन ने मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता भी वहां पर मौजूद रहे। उन्होंने शोक जताते हुए परिजनों को सांत्वना भी दी।
‘पुलिस के खुलासे से असंतुष्ट, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चले मुकदमा’
मीडिया से बातचीत में हिमानी नरवाल के भाई जतिन से सवाल पूछा कि क्या वे पुलिस के खुलासे से संतुष्ट हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वह पुलिस के खुलासे से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उनका परिवार उजड़ गया है। वह और उनकी मां ही अब परिवार में बचे हैं। इस दौरान उन्होंने आगे कहा, “हम चाहते हैं कि मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चले। हत्यारे को फांसी की सजा मिले, तभी मुझे और मेरी मां के दिल को सुकून मिलेगा।” उधर, सांपला थाना पुलिस को आरोपी की सचिन की तीन दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है। पुलिस ने कोर्ट में उसे पेश किया था और सात दिन की कस्टडी रिमांड की मांग की थी। कोर्ट ने केवल तीन दिन की कस्टडी रिमांड ही मंजूर की है।
हुड्डा के प्रोग्राम में शामिल होने का कहकर गई…इसके बाद हो गई लापता
इससे पहले रविवार को हिमानी की मां सविता ने दावा किया था कि 28 फरवरी को कांठवाड़ी में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रोग्राम में हिमानी को शामिल होना था। इसके बाद बेटी लापता हो गई और 1 मार्च को उसका शव सांपला के पास सूटकेस में मिला। इन आरोपों के बाद हिमानी नरवाल की मां की अनुमति मिलने पर पुलिस ने रविवार शाम शव का पोस्टमॉर्टम कराया, लेकिन परिवार ने डेडबॉडी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को रोहतक PGI की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। उधर, पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना था कि 28 फरवरी को कांठवाड़ी में उनका कोई कार्यक्रम ही नहीं था।
विनेश फोगाट ने किया पोस्ट, बहन हिमानी को जल्द न्याय मिलेगा
जुलाना से कांग्रेस MLA विनेश फोगाट ने हिमानी नहरवाल की हत्या को लेकर अपने एक्स हैंडल पर लिखा…बहन हिमानी की हत्या ने हमें झकझोर कर रख दिया है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि परिवार को इस अपार दुःख में शक्ति मिले। इस निंदनीय कृत्य के दोषी के खिलाफ तुरंत और कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। महिलाओं को हमेशा हिंसा का शिकार बनाया जाता है और यह सिलसिला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। क्या इस समाज में ऐसे ही महिलाओं के खिलाफ अन्याय जारी रहेगा? महिलाओं की सुरक्षा किसी भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन यह सरकार बार-बार जुर्म रोकने में अक्षम साबित हो रही है। उम्मीद है कि बहन को जल्द ही न्याय मिलेगा।
साभार : दैनिक भास्कर
भारत : 1885 से 1950 (इतिहास पर एक दृष्टि) व/या भारत : 1857 से 1957 (इतिहास पर एक दृष्टि) पुस्तक अपने घर/कार्यालय पर मंगाने के लिए आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सकते हैं
Matribhumisamachar


