लोड हो रहा है...

उत्तर प्रदेश सहित 3 राज्यों में उपचुनाव में बदली मतदान की तारीख

Saransh Kanaujia
Saransh Kanaujia - Editor
4 Min Read

नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने आज सोमवार को उत्तर प्रदेश समेत 3 राज्यों में होने वाले उपचुनाव की तारीखों में बदलाव कर दिया है. पहले 13 नवंबर को वोटिंग होनी थी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस समेत कई प्रमुख राजनीतिक दलों की मांग के बाद आयोग ने वोटिंग की तारीखों में फेरबदल कर दिया. अब यहां पर 20 नवंबर को वोटिंग कराई जाएगी. मतों की गणना पहले से तय 23 नवंबर को ही कराई जाएगी. अलग-अलग त्योहारों की वजह से उत्तर प्रदेश के अलावा केरल और पंजाब में कई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए अब 13 नवंबर की जगह 20 नवंबर को वोटिंग कराई जाएगी. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी), राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के अलावा कई अन्य राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय दलों के अनुरोध पर आयोग ने तारीखों में बदलाव किया.

3 राज्यों में क्यों बदलनी पड़ी तारीख

राजनीतिक दलों की ओर से यह आशंका जताई गई थी कि त्योहारों की वजह से 13 नवंबर को होने वाली वोटिंग के दौरान कम मतदान हो सकता है. उत्तर प्रदेश में उपचुनाव को लेकर बीजेपी, बीएसपी और आरएलडी ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में लोग कार्तिक पूर्णिमा के लिए तीन-चार दिन पहले यात्रा करते हैं, जो 15 नवंबर को मनाई जाएगी. इसी तरह केरल कांग्रेस के अनुसार, केरल की पलक्कड़ विधानसभा सीट पर वोटर्स का एक बड़ा हिस्सा 13 से 15 नवंबर तक कल्पती रास्तोलवम का त्योहार मनाएगा. इसी तरह पंजाब में कांग्रेस पार्टी की ओर से कहा गया कि 15 नवंबर को श्री गुरुनानक देव का 555वां प्रकाश पर्व मनाया जाएगा. इस वजह से 13 नवंबर से अखंड पाठ का आयोजन किया जाएगा.

उत्तर प्रदेश की 10 रिक्त पड़ी सीटों में से 9 सीटों पर चुनाव कराया जा रहा है, जबकि पंजाब में विधानसभा की 4 सीटों पर उपचुनाव के दौरान वोट डाले जाएंगे. इसके अलावा केरल में वायनाड लोकसभा सीट के अलावा 2 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव कराए जाने थे. यूपी में गाजियाबाद के अलावा फूलपुर, मझवां, खैर, मीरापुर, सीसामऊ, कटेहरी, करहल और कुंदरकी सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है.

2 लोकसभा सीटों पर भी होंगे उपचुनाव

चुनाव आयोग की ओर से पहले से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, इन 3 राज्यों समेत कुल 15 राज्यों की 48 रिक्त पड़ी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे थे. साथ ही खाली पड़ी लोकसभा की 2 सीटों पर भी वोटिंग कराई जानी थी. इसके लिए 13 नवंबर को वोटिंग की तारीख तय की गई थी. लेकिन यूपी, पंजाब और केरल में त्योहारों की वजह से तारीखों में बदलाव करना पड़ा. लोकसभा की जिन 2 खाली पड़ी सीटों पर उपचुनाव होने हैं उसमें केरल की वायनाड लोकसभा सीट भी है जहां पर जून में आए लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद राहुल गांधी ने रायबरेली सीट को बरकरार रखते हुए वायनाड सीट छोड़ दी थी. कांग्रेस ने अब राहुल की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को यहां से खड़ा किया है. इसके अलावा महाराष्ट्र की नांदेड सीट पर भी उपचुनाव कराए जा रहे हैं. सांसद वसंत राव चव्हाण के निधन की वजह से यहां पर वोटिंग कराई जा रही है.

- Advertisement -

साभार : टीवी9 भारतवर्ष

भारत : 1885 से 1950 (इतिहास पर एक दृष्टि) व/या भारत : 1857 से 1957 (इतिहास पर एक दृष्टि) पुस्तक अपने घर/कार्यालय पर मंगाने के लिए आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सकते हैं

सारांश कनौजिया की पुस्तकें

Related Post

Share This Article
Follow:
लेखक वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अब तक वे इतिहास से जुड़ी चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं—‘भारत : 1857 से 1957 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘भारत : 1885 से 1950 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘गाँधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ और ‘1857 का स्वतंत्रता समर – कारण से परिणाम तक’। पत्रकारिता के क्षेत्र में वे विशेष रूप से राजनीति, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विषयों और आध्यात्म से जुड़े समाचारों एवं विषयों पर लेखन करते रहे हैं। वर्षों के पत्रकारिता अनुभव और विभिन्न विषयों पर निरंतर लेखन के माध्यम से उन्होंने समसामयिक घटनाओं के साथ-साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों को भी पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास किया है।