लोड हो रहा है...

पाकिस्तान के निर्माणाधीन स्टेडियम पर है आईसीसी की कड़ी नजर

Saransh Kanaujia
Saransh Kanaujia - Editor
4 Min Read

इस्लामाबाद. भारत अगले महीने होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी में अपना अभियान शुरू करने से पहले दुबई में अभ्यास मैच खेलेगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) सभी चार स्थानों पर अभ्यास सुविधाओं और आठ भाग लेने वाली टीमों के लिए अभ्यास मैचों के कार्यक्रम पर काम कर रही है। इसके अलावा आईसीसी की नजर पाकिस्तान के तीन स्टेडियमों में हो रहे पुनर्निर्माण कार्य पर भी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईसीसी के सदस्य दल ने स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर अब तक कोई चिंता जाहिर नहीं की है। चैंपियंस ट्रॉफी को देखते हुए कराची, लाहौर और रावलपिंडी में पुनर्निर्माण कार्य चल रहा है। पाकिस्तान में 1996 विश्व कप के बाद पहली बार किसी बड़े टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। हालांकि, इस टूर्नामेंट का आयोजन हाइब्रिड मॉडल के तहत होगा जिसमें भारत अपने मुकाबले दुबई में खेलेगा।

पीसीबी ने स्टेडियम तैयार नहीं होने की खबरों का खारिज किया

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी से पहले स्टेडियम पूरी तरह तैयार नहीं है, लेकिन पीसीबी ने बुधवार को इन स्टेडियमों में पुनर्निर्माण कार्य में देरी की चर्चाओं को खारिज कर दिया था। पीसीबी का कहना था कि चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं और लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम तथा कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में पुनर्निर्माण कार्य डेडलाइन से पहले ही खत्म हो जाएगा।

गद्दाफी स्टेडियम में नई कुर्सियां लगाई जा रही है जिससे दर्शकों की क्षमता बढ़कर 35000 हो गई है। इसके अलावा 480 एलईडी लाइट लगाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि स्टेडियम में पुनर्निर्माण कार्य का खत्म होने के बाद स्टेडियमों का उद्घाटन जनवरी के अंतिम सप्ताह में होगा। कराची में 350 एलईडी लाइट्स लगाए गए हैं और दो बड़े डिजिटल डिसप्ले और 5000 नई कुर्सियां भी लगाई जा रही हैं। पीसीबी ने कहा कि रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में 10000 नई कुर्सियां, बेहतर हॉस्पिटेलिटी बॉक्स और दो डिजिटल रिप्ले स्क्रीन्स लगाए गए हैं।

- Advertisement -

19 फरवरी से शुरू होगी चैंपियंस ट्रॉफी

चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हाइब्रिड मॉडल के तहत 19 फरवरी से होगा। इस टूर्नामेंट के लिए सभी आठ टीमों को चार-चार के दो ग्रुप में बांटा गया है। चैंपियंस ट्रॉफी में 12 लीग चरण के मुकाबले होंगे और फिर सेमीफाइनल तथा फाइनल खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच 23 फरवरी को दुबई में मुकाबला खेला जाएगा। अगर भारत फाइनल में पहुंचने में सफल रहा तो खिताबी मुकाबला दुबई में ही खेला जाएगा। भारत इस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ करेगा। इसके बाद उसे पाकिस्तान तथा दो मार्च को न्यूजीलैंड से खेलना है। इसका फाइनल मुकाबला आठ मार्च को खेला जाएगा।

साभार : अमर उजाला

भारत : 1885 से 1950 (इतिहास पर एक दृष्टि) व/या भारत : 1857 से 1957 (इतिहास पर एक दृष्टि) पुस्तक अपने घर/कार्यालय पर मंगाने के लिए आप निम्न लिंक पर क्लिक कर सकते हैं

सारांश कनौजिया की पुस्तकें

Related Post

Share This Article
Follow:
लेखक वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अब तक वे इतिहास से जुड़ी चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं—‘भारत : 1857 से 1957 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘भारत : 1885 से 1950 इतिहास पर एक दृष्टि’, ‘गाँधी जी की राजनीतिक यात्रा के कुछ पन्ने’ और ‘1857 का स्वतंत्रता समर – कारण से परिणाम तक’। पत्रकारिता के क्षेत्र में वे विशेष रूप से राजनीति, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विषयों और आध्यात्म से जुड़े समाचारों एवं विषयों पर लेखन करते रहे हैं। वर्षों के पत्रकारिता अनुभव और विभिन्न विषयों पर निरंतर लेखन के माध्यम से उन्होंने समसामयिक घटनाओं के साथ-साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विषयों को भी पाठकों तक पहुँचाने का प्रयास किया है।